जालौन। गांव के किनारे घूरे से निकली चिंगारी खेत में पहुंच गई। जिसमें करीब 10 बीघा गेहूं के खेत की पराली जलकर राख हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची उरई व व जालौन की दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
तहसील क्षेत्र के उदोपुरा मौजा में इंद्रपाल राजावत का खेत है। उन्होंने अपने 10 बीघा खेत में गेहूं की फसल बोई थी। उन्होंने हार्वेस्टर से खेत की फसल कटवा ली थी। जिसके बाद खेत में पराली बची थी। रविवार की दोपहर गांव के बाहर घूरे से निकली चिंगारी उड़कर पास में ही उनके खेत तक पहुंच गई और उसने पराली को जलाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरे खेत में आग जलने लगी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना यूपी 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल टीम मौके पर पहुंच गई। जहां उन्होंने करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। इसी खेत के बगल में गेहूं की फसल खड़ी थी। गनीमत रही कि आग वहां तक नहीं पहुंची, नहीं तो अधिक नुकसान होने की आशंका थी।