उरई। खेत पर स्थित नलकूप पर सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस वारदात के 11 दिनों बाद भी हत्यारे पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। एसपी ने खुलासे के लिए पांच टीमें लगाई थीं, जिनके हाथ भी कोई सुराग नहीं लगा।
चुर्खी थाना क्षेत्र के औता गांव निवासी किसान राजकिशोर दीक्षित (55) का शव 29 सितंबर की रात नलकूप पर मिला था। घटनास्थल के पास खून न मिलने से आशंका जताई गई थी कि हत्यारों ने उनकी कहीं और हत्या कर शव लाकर नलकूप पर डाला था।
हत्यारे उनकी दोनाली बंदूक भी लूट ले गए थे। पुलिस की अब तक की पड़ताल में किसी करीबी को वारदात का सूत्राधार माना जा रहा है। वहीं, सूत्रों के अनुसार पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर बंदूक बरामद कर ली है। जल्द ही खुलासा किया जा सकता है। थानाध्यक्ष नागेंद्र पाठक के अनुसार हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।