पहाड़गांव। कैलिया थाना क्षेत्र के पीपरी कलां गांव में मंगलवार दोपहर बिजली की चपेट में आकर एक किसान की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना क्षेत्र के पीपरी कलां गांव निवासी किसान श्रीराम (40) मंगलवार की दोपहर अपने खेत की तार फेंसिंग कर रहा था तभी बारिश के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई, जबकि खेत किनारे बैठा गांव का शंभू प्रजापति (45) बिजली की चपेट में आने से झुलस गया। घटना के समय आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि श्रीराम उसकी दो पुत्रियां व एक पुत्र है। वह खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। उसकी मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। एसडीएम अतुल कुमार ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन से अनुमन्य आर्थिक सहायता मृतक के आश्रितों को दी जाएगी।