उरई। जिले के नगरीय क्षेत्रों में लोगों को बिजली के जर्जर तारों और अन्य परेशानियों से न जूझना पड़े इसके लिए शासन ने 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। दस नगरीय क्षेत्रों में बिजली की कमियों को दुरुस्त किया जाएगा। टेंडर प्रिक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
नगरीय क्षेत्रों में वर्षों से बिजली के तार न बदले जाने से लाइनें जर्जर हो गईं हैं। कम क्षमता के ट्रांसफार्मर से आए दिन फाल्ट के साथ ही तार के टूटने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा था। विभाग ने शासन से इनको दुरुस्त कराने के लिए बजट मांगा था। अधीक्षण अभियंता आरके यादव ने बताया कि जिले के उरई, कालपी, नदीगांव, कोंच, कोटरा माधौगढ़, रामपुरा, ऊमरी, कदौरा व जालौन में बिजली की समस्याओं को दुरुस्त करवाया जाएगा। इसके लिए शासन ने 30 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। टेंडर प्रक्रिया होने के बाद काम शुरू करवा दिया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता आरके यादव ने बताया कि इन क्षेत्रों में नए ट्रांसफार्मर, पोल, नई केबल के साथ ही कई व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जाएगा। जिससे लोगों को 24 घंटे बिजली मिल सके। जल्द ही काम शुरु होने की उम्मीद है।