उरई। छह माह से गायब पुत्र की तलाश में माता-पिता दर-दर भटक रहे हैं, पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
जिससे बुजुर्गों को उनका पुत्र नहीं मिल पा रहा है। मंगलवार को उन्होंने डीएम से गायब पुत्र के पता लगाने की गुहार लगाई है।
महोबा जिले के महोबकंठ थाना क्षेत्र के कोटरा गांव निवासी श्रीपत यादव ने डीएम को शिकायतीपत्र देते हुए बताया कि 25 जून को उसकी बहू उपासना अपने भाई के साथ उसके पुत्र पुष्पेंद्र उर्फ ब्रजेश को अपने साथ उरई लेने आई थी और शहर के कालपी रोड स्थित एक मकान में किराए पर रहने लगी थी।
तीन सिंतबर को उपासना का फोन आया कि पुष्पेंद्र कहीं चला गया है, इसके बाद बहू ने कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। जब पिता ने लड़के के बारे में पूछा तो वह फर्जी मामले में फंसाने की बात कहने लगी। श्रीपत यादव ने बताया कि वह छह माह से पत्नी व अपनी बेटी के साथ पुत्र की खोजबीन के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। बेटे की तलाश में कोतवाली के चक्कर भी लगा रहे हैं। उसे चिंता सता रही है कि कहीं उसके बेटे के साथ कोई अनहोनी न हो गई हो।