एट। डीजल लेकर बाइक से लौट रहे किशोर को डंपर ने टक्कर मार दी जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। आसपास काम कर रहे लोगों के शोर मचाने पर डंपर चालक मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम खुलवाया तब तक सैकड़ों वाहन फंसे रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
एट थाना क्षेत्र के पिंडारी निवासी हरी कुशवाहा का 16 वर्षीय पुत्र चंदन बाइक से डीजल लेकर लौट रहा था। जैसे ही वह पिंडारी मोड़ पर पहुंचा तो पीछे से डंपर ने उसे टक्कर मार दी जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही चीख-पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे एवं राहगीर मौके पर इकट्ठा हो गया तो डंपर को मौके पर छोड़कर चालक भाग निकला जबकि किशोर की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। काफी देर तक पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक होती रही। बाद में पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। उसकी मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल बना हुआ है।