कोंच। कस्बे के नहर किनारे उरई रोड पर स्थित 33/11 केबी पावरहाउस पर मशीनें बदलने और कस्बे की विद्युत आपूर्ति ठप रहने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को एक बार फिर सुबह नौ से लेकर देर शाम तक विभागीय कर्मियों ने बिजली घर से निकले द्वितीय फीडर की दो सर्किट ब्रेकर मशीन (वीसीबी मशीनें) बदलने का काम पूरा किया।
काम होने के चलते पूरे दिन पावर हाउस से जुड़ी द्वितीय फीडर के नगरीय इलाकों जवाहरनगर, तिलकनगर, नरिया, नया पटेलनगर, प्रताप नगर, रामकुंड कॉलोनी, ब्लॉक क्षेत्र, ब्रजेश्वरी कॉलोनी, इंडस्ट्रियल एस्टेट, जालौन प्रथम व द्वितीय व उरई फीडर से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति बंद रही। एसडीओ अनुरुद्ध कुमार मौर्य के निर्देशन और अवर अभियंता अमन पांडे की देखरेख में विभागीय संविदा कर्मी सूरज प्रसाद, केके पटेल, सूरज कुशवाहा, कन्हैया सिंह, राजकुमार, शिवराम, अंशु, राहुल, रिंकू आदि मशीनें बदलने में जुटे रहे।
अवर अभियंता ने बताया कि करीब आठ लाख रुपए कीमत की ये दो मशीनें बदली जाने से अब गर्मी और ओवरलोड के चलते बार बार होने वाली लाइन ट्रिप की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। उन्होंने बताया कि गर्मी शुरू होने से पहले ही नई मशीनें लग जाने से अब विद्युत आपूर्ति भी बेहतर मिल सकेगी। इससे पहले वर्ष 2014-15 में ये दोनों मशीनें बदली गईं थीं। बता दें कि इससे पहले इसी सप्ताह इसी पावरहाउस के फर्स्ट फीडर और आराजी लेन स्थित दूसरे पावरहाउस की कई अन्य वीसीबी मशीनें बदली जा चुकी हैं।