कालपी। क्षेत्रीय खाद्य आयुक्त ने गल्ला मंडी स्थित गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनसे समस्याएं पूछीं और क्रय केंद्रो पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए ।
सोमवार को गल्ला मंडी परिसर में खाद्य विपणन शाखा के क्रय केंद्र का क्षेत्रीय खाद्य आयुक्त चंद्रभान यादव ने औचक निरीक्षण किया। अभी तक कितने किसानों ने अपनी गेहूं की उपज बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया, इसकी जानकारी ली। फिर गेहूं के स्टॉक का मिलान किया। इस क्रय केंद्र में अभी तक 4000 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। उन्होंने केंद्र प्रभारी रिंटू साहू को निर्देश दिए कि खरीद केंद्र पर किसी भी किसान को परेशान न किया जाए। न ही उन्हें फसल बेचने के लिए खड़ा किया जाए। किसानों को टोकन दें और खरीद के वक्त उन्हें बुलाकर गेहूं की खरीद की जाए। उन्होंने मंडी सचिव आनंद कुमार गुप्ता को निर्देश दिए कि मंडी परिसर में व्यापारियों का गेहूं न खरीदा जाए।