उरई। जिला पुरुष और महिला अस्पताल का 1.25 करोड़ रुपये से कायाकल्प किया जाएगा। यह कायाकल्प जिलाधिकारी चांदनी सिंह के निर्देश पर किया जा रहा है। इसका काम भी शुरू हो गया है।
जिलाधिकारी ने कार्य करा रही कार्यदाई संस्था को निर्देशित किया गया कि काम तेजी और गुणवत्ता के साथ किया जाए ताकि मरीजों को परेशानी न हो। जिस वार्ड में काम किया जाए। उस वार्ड में सामान दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया जाए और जब काम पूरा हो जाए तो अगले वार्ड और परिसर में काम किया जाए। जिला अस्पताल में टाइल्स एवं पुताई का काम, मुख्य गेट के सुंदरीकरण के काम किया जाएगा। कचराघर को कवर्ड एरिया बनाना और अस्पताल में बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्य भवन की पुरानी खिड़कियों को बदलकर उनके स्थान नई खिड़कियां लगाई जाएगी। ग्रिड वाशिंग का काम भी किया जाएगा। शौचालय में टाइल्स, नलों की फिटिंग का काम भी किया जाएगा। ग्रेनाइट लगाकर सुंदरीकरण होगा। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अविनेश कुमार बनौधा ने बताया कि काम शुरू हो गया है।
जिला परामर्शदाता क्वालिटी एश्योरेंस डॉ. अरुण कुमार राजपूत ने बताया कि दोनों अस्पतालों के सुंदरीकरण का काम डीएम के निर्देश पर शुरू हुआ है। काम पूरा होने के बाद अस्पताल में बदलाव दिखेगा।
लेबर रूम, ओटी और मुख्य गेट की व्यवस्थाएं होगी दुरुस्त
जिला महिला अस्पताल में भी सुंदरीकरण का काम होगा। लेबर रूम, ओटी की व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएगी। अस्पताल जाने वाले दोनों रास्तों को भी ठीक किया जाएगा। पर्चा काउंटर की व्यवस्था भी ठीक होगी।