- मंगलवार को ऑपरेशन के दौरान दो महिलाओं की मौत के बाद बनाई गई चार सदस्यीय जांच टीम
- सीएमएस बोले- अभी जांच तक सभी जनरल ऑपरेशनों पर लगा दी गई है रोक
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। जिला अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान हुई दो महिलाओं की मौत के मामले को अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है। इसके चलते आरोपी डॉक्टरों के खिलाफ शुरू हुई जांच पूरी न होने तक सभी जनरल ऑपरेशनों पर रोक लगा दी है। इससे अब मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सीएमएस के अनुसार, गंभीर मरीज को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाएगा।
मंगलवार दोपहर जिला अस्पताल की दो अलग-अलग ओटी में दो जनरल सर्जन दो महिलाओं के अलग-अलग ऑपरेशन कर रहे थे। एक महिला का पित्त की थैली तो दूसरी का बच्चेदानी का ऑपरेशन चल रहा था। इस बीच अचानक एक के बाद एक दोनों महिलाओं की कुछ ही देर में मौत हो गई। दो महिला मरीजों की एक ही दिन में मौत होने से अस्पताल प्रशासन में खलबली मच गई थी। सीएमएस डॉ. एमएम आर्या ने सीएमाओ डॉ. गीताराम से जांच कमेटी बनाकर जांच कराने की मांग की थी। इस पर सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ डॉ. शिवचरन हेमरन के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम गठित की है। टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच शुरू होते ही सीएमओ ने दोनों आरोपी सर्जनों के ऑपरेशन करने पर रोक लगा दी थी। वहीं अब बुधवार को सीएमएस डॉ. एमएम आर्या ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पूरी होने तक सभी जनरल ऑपरेशनों पर रोक लगा दी है। इससे अब जिला अस्पताल में ऑपरेशन के लिए आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि सीएमएस का दावा है कि गंभीर मरीजों को उपचार देने के साथ ही उन्हें ऑपरेशन के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर करेंगे।
ओपीडी में देखेंगे दोनों सर्जन::::
सीएमएस डॉ. एमएम आर्या ने बताया कि दो महिलाओं की ऑपरेशन के दौरान मौत होने के मामले की जांच कराई जा रही है। ऐसे में जांच होने तक सभी जनरल ऑपरेशन रोक दिए गए हैं। हालांकि आरोपी सर्जनों समेत सभी ओपीडी में मरीजों को देखेंगे।
जांच टीम में यह लोग हैं शामिल:::::
डिप्टी सीएमओ डॉ. शिवचरन के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। इसमें महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल कुमार, सरसईनावर सीएचसी के डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. रईसुद्दीन और भरथना सीएचसी के डॉ. अभिषेक गोयल को जांच सौपी गई है। टीम एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देगी।