कोंच। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने कोंच क्षेत्र के बाशिंदों को सौगात देते हुए काशी विश्वनाथ के लिए अप-डाउन सीधी बस सेवा शुरू की है। इस बस के चालू होने से समूचे तहसील क्षेत्र की तीन लाख की आबादी लाभान्वित होगी। यह बस गुरुवार सुबह से चालू हो रही है।
एआरएम दुर्गा शंकर विश्वकर्मा ने बताया कि बस कोंच से सुबह 7.15 बजे बस प्रस्थान करेगी जो उरई, कानपुर व प्रयागराज होकर वाराणसी पहुंचेगी। वाराणसी से सुबह 4.15 पर चलकर प्रयागराज, कानपुर होते हुए उरई से कोंच पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा ने प्रस्ताव भेजा था। उस समय बसें उपलब्ध नहीं थीं, अब जिले को कुछ बसें मिली हैं जिनमें दो को कोंच लगाया गया है।