उरई। मौसम में आए बदलाव का असर दिखाई देने लगा है। लोग वायरल फीवर के साथ जानलेवा डेंगू की चपेट में भी आ रहे हैं। डेंगू का मरीज मिलने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जांच की।
कुठौंद ब्लॉक के टिकरी मुस्तिकल गांव निवासी मोहित (15) को कई दिनों से बुखार आ रहा था। सुधार न होने पर परिजन उसे लेकर झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
यहां डेंगू की पुष्टि हुई। सूचना पर शुक्रवार को सहायक मलेरिया अधिकारी अजब सिंह के साथ फाइलेरिया इंस्पेक्टर आशुतोष, रामप्रकाश, रामकुमार के अलावा कुठौंद पीएचसी के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक राजेंद्र कुमार गांव पहुंचे। 33 लोगों की स्लाइड बनाने के साथ ही 62 घरों में सर्वे किया।
दवा का छिड़काव कर पानी भरे पात्रों को हटाया। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ जीएस स्वर्णकार ने बताया कि डेंगू मरीज मिलने की सूचना पर टीम भेजकर निरोधात्मक कार्रवाई कराई गई है।
उधर जिला अस्पताल में जुकाम, खांसी, बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया है। ओपीडी के साथ इमरजेंसी में भी वायरल पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टर उन्हें दवा के साथ बचाव के तरीके भी बता रहे हैं।