कालपी छोर से यमुना नदी पार भोगनीपुरकोतवाली क्षेत्र में डिलौलिया बांगर गांव के सामने गुरुवार की सुबह रेल पटरी पर युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। कोतवाल शिव कुमार सिंह राठौर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। आसपास देखने पर भी मृतक का सिर नहीं मिला। कपड़ों की तलाशी में आधार कार्ड, कागजात, कालपी स्थित आढ़त का विजटिंग कार्ड और 3,500 रुपये मिले।
उसके पास पत्नी का भी वोटर आईडी कार्ड था। उसमें लिखे नाम-पते से सुनील उर्फ प्रद्युम्न(32) थाना कदौरा के कुआंखेड़ा के रूप में पहचान हुई। मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण कोतवाल ने सिम निकाल कर अपने मोबाइल में डालकर उसके नंबरों पर बात की। इससे परिवार में बात हो सकी। सूचना पर पिता परशुराम और ताऊ रामलखन पाल परिजनों समेत पहुंचे। उन्होंने शव की शिनाख्त सुनील के रूप में की। परिजनों ने पहले घटना के संबंध में कुछ भी कह पाने में असमर्थता जताई।
बताया कि कालपी में भी कमरा लिए था कभी-कभी यहां भी रुक जाता था। वह गल्ला की आढ़त का काम देखता था। इस समय किन्हीं कारणों से तनाव में रह रहा था। कोतवाल ने बताया कि स्टेशन मास्टर नरेंद्र कटियार की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रथमदृष्ट्या घटना आत्महत्या की प्रतीत होती है। बताया कि परशुराम ने तनाव में आत्महत्या कर लेने की तहरीर दी है। देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कोतवाल ने बताया कि ट्रेन से कटकर मौत होने की पुष्टि के साथ आत्महत्या का अंदेशा है।