झांसी में चल रही सेना की खुली भर्ती में जालौन जिले के कई युवा गए थे। वहां पर भर्ती देखकर वह जालौन लौट कर पहुंचे तो नगर के कोंच चौराहा पर खड़े वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच राठ से दिल्ली जाने वाली एक रोडवेज बस आती दिखाई थी। युवकों ने बस रोकने के लिए हाथ दिया, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी। इस पर युवक हंगामा करते हुए बस के पीछे दौड़ पड़े और बस के आगे खड़े होकर हंगामा शुरू कर दिया।
इस पर चालक रफीक ने उन्हें ऐसा करने मना किया तो कहासुनी के बीच अचानक युवकों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे यात्रियों में भगदड़ मच गई। पथराव से बस के शीशे टूट गए व क्षतिग्रस्त हो गई। चालक व बस का कंडक्टर आसिफ रजा उतरकर युवकों को रोकने आए तो वह उनके साथ हाथापाई पर उतारू हो गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही हंगामा कर रहे युवक भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। फिलहाल बस चालक व कंडक्टर ने तहरीर नहीं दी थी।