उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम नैनापुर में ट्रैक्टर से गिरकर युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृत के भाई ने चालक पर लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने का आरोप लगाया है। रामपुरा क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे ग्वालियर रेफर किया गया है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम नैनापुर निवासी सुनील कुमार पुत्र रविंद्र रविवार दोपहर ट्रैक्टर से खेत जा रहा था। उसके ट्रैक्टर पर गांव का रामदेव (19) पुत्र रामदास भी बैठा था। गांव के बाहर चालक ने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी। इससे ट्रैक्टर बेकाबू हो गया। रामदेव ट्रैक्टर से नीचे गया और ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। इससे उसकी मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। भाई रामसजीवन ने आरोप लगाया कि सुनील लापरवाही से ट्रैक्टर चला रहा था जिससे रामदेव की गिरने से मौत हो गई है। दूसरा हादसा रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम हमीरपुरा में हुआ। वहां गांव के संदीप की पत्नी अखिलेशी सुबह खेत से चारा लेकर लौट रही थी। चुन्नी चौधरी की मठिया के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे अखिलेशी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टर ने ग्वालियर रेफर कर दिया।
दो बाइकों की भिड़ंत में पांच घायल
थाना क्षेत्र के ग्राम कुरौती के पास दो बाइक आमने सामने टकरा गईं। हादसे में सुरेंद्र पाल सिंह निवासी कुटरा, राजेंद्र सिंह, भवर सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी रेंढ़र और दूसरी बाइक सवार दिलीप व गब्बर निवासी कासिमपुर घायल हो गए। हेलमेट न लगाए होने से सुरेंद्र पाल, दिलीप और भंवर सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल उरई के लिए रेफर कर दिया।