पथराव से क्षतिग्रस्त हुआ पुलिस वाहन
- फोटो : amar ujala
कुठौंद के दौलतपुर गांव का एक युवक इंदौर में एक लड़की से कोर्ट मैरिज कर अपने गांव आ गया था। लड़की के पिता की तहरीर पर एक माह पूर्व एमपी पुलिस व कुठौंद पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी थी, जहां कोर्ट के पर्याप्त कागजात न होने पर उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा था। इसी बीच एक दिन कुठौंद थाने के एसआई सोनकर युवक के घर गए थे, जहां उनकी युवक के पिता विक्रम सिंह से किसी बात पर कहासुनी हो गई। इस पर विक्रम ने एसआई से गालीगलौज कर दी।
रविवार शाम एसआई सोनकर फोर्स लेकर उसे गिरफ्तार करने गए थे। पुलिस जब वहां पहुंची और जैसे ही उन्होंने विक्रम को पकड़ा तभी ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। ग्रामीणों के पथराव करते ही जीप छोड़कर पुलिस भाग खड़ी हुई। ग्रामीणों ने पथराव कर पुलिस जीप को क्षतिग्रस्त कर दिया। गांव के बाहर पहुंचकर एसआई ने सूचना देकर कई थानों की फोर्स बुला ली। जब तक फोर्स आया आरोपी विक्रम सिंह भाग चुका था। भारी फोर्स के साथ पुलिस जीप वहां से निकाली गई। बताते हैं कि आरोपी पहले सीआरपीएफ में था। किसी बात पर उसे वहां से निकाल दिया गया था। टीम पर हमला करने वाले ग्रामीणों पर पुलिस कार्रवाई करने का विचार कर रही है। साथ ही पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।