माधौगढ़ क्षेत्र के ग्राम डिकौली जागीर के कई लोग ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर रविवार की शाम सिहारी गांव एक रिश्तेदार सोखीलाल पुत्र मुलू के यहां त्रियोदशी संस्कार में शामिल होने गए थे। वहां से वह लोग देर रात वापस अपने गांव आ रहे थे। ट्रैक्टर रात 11 बजे कस्बा माधौगढ़ स्थित एसडीएम आवास के पास पहुंचा तो अचानक कार खड़ी देख चालक ने स्टेयरिंग से संतुलन खो दिया। देखते ही देखते अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली खंती में जाकर पलट गई। ट्रैक्टर-ट्राली में सवार बच्चों व महिलाओं समेत करीब 12 लोग उसके नीचे दब गए।
चीख पुकार मचते ही आसपास मौजूद लोग दौड़कर आए। उन्होंने किसी तरह ट्रैक्टर व ट्राली के नीचे दबे सभी लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक ट्रैक्टर सवार किसान अनूप कुमार (28) पुत्र जगजीवन राम की मौत हो चुकी थी। इसके अलावा शिवराम (65), रामजीत (50) पुत्र हरदयाल, मीनाक्षी (16) पुत्री जयकरन, विनीता (35) पत्नी जयकरन, खुशबू (15) पुत्री सुघर, सुभाष (8) पुत्र जयकरन, बिटौली (65) पत्नी साधू, अजय (24) पुत्र दुरगाई, रामप्रकाश (63) आदि गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां पर शिवराम की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ला रहे थे तभी रास्ते में जालौन के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं इस हादसे में कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद कार सवार कार वहीं छोड़कर भाग निकले थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो मौतों की खबर जब गांव पहुंची तो घरों में कोहराम मच गया। वहीं माधौगढ़ इंस्पेक्टर संजय सिंह का कहना है कि कार और उसमें सवार लोगों का पता नहीं चल रहा है। उनकी तलाश की जा रही है।