कदौरा। पंडोरा गांव में एक दलित महिला के साथ मारपीट कर युवक ने निर्माणाधीन शौचालय तोड़ डाला। युवक महिला से गालीगलौज कर रहा था। विरोध करने पर उसने महिला व उसकी सास के साथ मारपीट कर दी। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष आनंद कुमार का कहना है कि तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंडोरा निवासी ऊषा पत्नी मान सिंह अपने घर के बाहर सरकारी योजना के तहत शौचालय का निर्माण करवा रही है। बुधवार की शाम निर्माण कार्य चल रहा था तभी उसका पड़ोसी हरिगिर शरण पुत्र विनोद कुमार ऊषा के दरवाजे आ धमका और गालीगलौज करने लगा। ऊषा घर के बाहर निकली और हरिगिर को वहां से जाने के लिए कह दिया। इस पर उसने तहस में आकर ऊषा के साथ मारपीट शुरू कर दी। यह देखकर जब ऊषा की सास कुंती उसे बचाने आई तो हरिगिर ने उनके साथ भी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे दोनों सास बहू चुटहिल हो गईं। ऊषा के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण एकत्र होने लगे जिन्हें देखकर हरिगिर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकला। इसके बाद ऊषा व कुंती ने थाने पहुंच कर तहरीर दी। थानाध्यक्ष कहना है कि यह मामला अभी अभी उनके संज्ञान में आया है। उसकी जांच करा रहे है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।