नवरात्र पर दोस्ताें के साथ मंदिर जा रहे बालक को बाइक सवार चार बदमाशाें ने अगवा कर बोरे में डाल लिया। साथियों के शोर मचाने पर आए गांववालों ने ललकारा तो बदमाश बच्चे को छोड़कर भाग निकले। बच्चे के पिता ने कदौरा थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। कदौरा थाना क्षेत्र के गांव बबीना
निवासी छुन्ना अनुरागी प्राइमरी स्कूल में अध्यापक हैं। रविवार रात करीब नौ बजे उनका आठ वर्षीय पुत्र कुणाल अपने दोस्ताें के साथ गांव के देवी मंदिर जा रहा था। रास्ते में अंधेरे में घात लगाए चार बदमाशों ने उसे उठाकर बोरे में डाल दिया और बाइक से ले जाने लगे। तभी उसके साथियाें से शोर मचा दिया तो ग्रामीण आ गए। उनके ललकारने पर
बदमाश बाइक से भाग निकले। सूचना मिलते छुन्ना व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और कुणाल को लेकर थाने गए। यहां अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण के प्रयास की तहरीर दी
है। पिता का कहना है कि उसके बेटे को फिरौती के लिए अगवा किया जा रहा था। थानाध्यक्ष रुद्र कुमार सिंह का कहना है कि वह जांच कर रहे हैं। अगर अपहरण का प्रयास किया गया है तो बदमाशों की तलाश कर सख्त कार्रवाई करेंगे।