चोरी के बाद घर में बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा रहा है नाम नहीं ले रहा है। बुधवार की रात चोरों ने शिक्षक के घर को निशाना बनाया। छत के रास्ते घुसे एक लाख के जेवर और 50 हजार रुपये के अलावा कीमती बर्तन भी समेट ले गए। पीड़ित ने थाने में घटना की तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।
कदौरा क्षेत्र के मरगायां निवासी पवन कुमार पुत्र रामसेवक कदौरा स्थित भगवत विशाल इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। पवन के मुताबिक बुधवार की देर रात परिजन खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए। छत के रास्ते घर में घुसे चोर अलमारी और बक्सों का ताला तोड़कर एक लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, मंगलसूत्र, हार, बिछिया, पायल के अलावा 50 हजार रुपये के अलावा कीमती बर्तन भी साथ मेें ले गए।
गुरुवार सुबह जब घरवालों की नींद खुली तो आंगन में बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई। शिक्षक ने बताया कि थाने में तहरीर दे दी गई है। एसओ मुकेश वर्मा ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है। एसओ मुकेश वर्मा के मुताबिक शिक्षक के यहां हुई चोरी के मामले में संदेह के आधार पर पड़ोसी समेत तीन संदिग्धों को उठाया गया हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि चोरी की वारदात में कोई सुराग हाथ लग सके।
वारदातों से लोगों में रोष
कदौरा क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने पुलिस के दावों की पोल खोल दी है। लोगों का कहना है कि अपराध नियंत्रण का दावा करने वाली कदौरा पुलिस के सुरक्षा पोल की हकीकत एक के बाद एक हो रही चोरी की घटनाओं से सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस मूकदर्शक बनी है।