चोराें ने उरई व रामपुरा थाना क्षेत्राें में रविवार की देर रात दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखाें के नगदी व गहने चुरा लिए। सुबह जब परिजन जागे तो सामान बिखरा देख चोरी का पता चला। दोनाें ही मामले में पुलिस को तहरीर दे दी गई है। पुलिस जांचकर कार्रवाई की बात कह रही है। पहली चोरी उरई कोतवाली के मुहल्ला लहारियापुरवा में हुई जहां के रहने वाले इंद्रपाल सिंह फौज में है। इन
दिनाें वह छुट्टी पर आए हुए हैं। रविवार की रात खाना खाने के बाद फौजी बच्चाें के साथ छत पर सोने चला गया। चूंकि अभी उसका मकान बन रहा है, लिहाजा खंभे दीवार के सहारे खड़े थे। देर रात चोर खंभे के सहारे आंगन में आए और गृहस्थी के कमरे का ताला तोड़ दिया। वहां रखे बक्सों में रखे करीब दो लाख के सोने के जेवर व मकान बनवाने के लिए रखा 60 हजार रुपये नगद चुरा कर ले गए। सुबह जब
पत्नी ने घर का सामान अस्तव्यस्त देखा तो उसने पति को जगाकर बताया । इंद्रपाल कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन करने के बाद कार्रवाई की
बात कही है। वहीं रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिलऊवा जागीर निवासी श्रीकृष्ण निषाद ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को वह पत्नी व बच्चाें के साथ रिश्तेदारी में गया था तभी उसके भाई राधाकृष्ण ने घर का ताला तोड़कर उसमें रखा गैस चूल्हा, सिलेंडर समेत 5 हजार रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने मामले में जांचकर कार्रवाई की बात कही है।