कच्चा मकान ढहने से सेल्समैन की मौत
मुहम्मदाबाद। डकोर गांव में सोमवार को रिमझिम बारिश के बीच कच्चे मकान की दीवार गिर गई। पास से निकल रहा विकलांग सेल्समैन मलबे में दब गया। लोगों ने उसे निकलाकर सीएचसी पहुंचाया, जहां से झांसी रेफर कर दिया गया। झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डकोर निवासी सुरेश चंद्र पुत्र हरगोविंद याज्ञिक का कच्चा मकान इलाहाबाद बैंक के पास है। सोमवार सुबह रिमझिम बारिश में मकान की दीवार ढह गई। पास से निकल रहा विकलांग सेल्समैन प्रदीप यादव उर्फ बड़े (40) पुत्र संजीवन लाल यादव मलबे में दब गया। आनन फानन में ग्रामीण दौड़कर आए और मलबा हटाकर प्रदीप को बाहर निकाला। उसे लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। गंभीर हालत के चलते चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज झांसी के रेफर कर दिया। प्रदीप के परिजन उसे लेकर झांसी ले जा ही रहे थे लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे के लिएभेज दिया है। परिजनों ने बताया कि प्रदीप घर का मुखिया था। वह सेल्समैनी कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा बेटा अंकित (15) और बेटी अनीता (19) हैं। प्रदीप की मौत से परिवार के सामने भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया है।