पुरानी रंजिश को लेकर दंपति ने मिलकर मां-बेटी को धुना। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी। वहीं, दूसरे पक्ष ने बच्चों को लेकर विवाद का मामला बताया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला हरीपुरा निवासी गीता देवी पत्नी कमलेश वर्मा ने पुलिस को बताया कि उसका मुहल्ले के ही महेश वर्मा के साथ पुराना विवाद है। गुरुवार की रात्रि जब वह अपने घर में थी तभी महेश व उसकी पत्नी भावना उसके घर में घुस आए और रंजिशन गालीगलौज करने लगे। मना करने पर उक्त दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं उसे बचाने आई बेटी के साथ भी इन दोनों ने मारपीट कर दी। तभी शोरगुल सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आइंदा देख लेने की धमकी देते हुए दोनों वहां से भाग गए। उधर, दूसरे पक्ष की भावना ने बताया कि विवाद बच्चों को लेकर था।
चोरी करते पकड़े जाने पर मारपीट
जालौन। घर में घुसकर चोरी करते पकड़े जाने पर आरोपी ने पीड़ित के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ग्राम इकहरा निवासी कैलाश कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि घर पर वह अकेला रहता है। उसका परिवार बाहर काम करता है। गुरुवार को उसके ही गांव के किशुन व पूरन उसके घर में घुस आए और कमरे व अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 15 हजार रुपये व अन्य सामान चुरा ले गए। इसे गांव के ही लोगों ने देख लिया। जब उसने अपना सामान व रुपये वापस मांगे तो इन दोनों ने गालीगलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। यही नहीं, उन्होंने पुलिस में शिकायत करने पर देख लेने की धमकी भी दी है। पीड़ित ने पुलिस से उसका चोरी गया सामान वापस दिलाए जाने की मांग की।