मोहल्ला विजय नगर निवासी अवध बिहारी की चाय समोसे की दुकान पर उनका मौसेरा भाई अंशुल समाधिया (19) पुत्र अरुण समाधिया निवासी गोपालपुरा पिछले 6 माह से काम करता था। दो दिन पूर्व ही अंशुल अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो अवध ने उसके लापता होने की तहरीर थाने में दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। शुक्रवार सुबह गांव के ही कुछ लोगों ने अवध बिहारी के घर के पास स्थित कुएं में जब अंशुल का शव पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी।
इसके कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तब तक सूचना पाकर अंशुल के पिता अरुण भी मौके पर पहुंच गए। किसी तरह शव बाहर निकाला गया। शव पर चोट और जले के निशान देख परिजन भड़क उठे। पिता का आरोप है कि बेटे की पहले पिटाई की गई फिर उसे जलाकर कुएं में फेंक दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या की आशंका जताई जाने पर आनन फानन में अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पिता का कहना है कि वो नहीं चाहते थे कि अंशुल अवध के होटल पर काम करें, लेकिन पांच हजार वेतन के लालच में बेटे ने बात नहीं मानी। अंशुल अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। एएसपी का कहना है कि शव दो दिन से पानी में पड़ा था, इस वजह से भी खाल उखड़ी हुई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या अथवा आत्महत्या स्पष्ट हो ही जाएगा। अभी तक आरोप प्रत्यारोप की भी कोई तहरीर नहीं मिली है।
पुलिस की लापरवाही भी सामने आई
नए कप्तान भले ही पुलिसिंग सुधारने की बात करें, लेकिन खाकी की कार्यशैली है कि सुधरने का नाम नहीं ले रही है। दो दिन से अंशुल लापता था और अवध ने थाने में तहरीर भी दी थी, पर उसकी तलाश का कोई प्रयास नहीं किया गया। इसका नतीजा यह रहा कि कुएं में आखिर उसका शव ही मिला।
बेटा दीवाली नहीं देख पाया
मां रजनी का कहना है कि बेटा कहता था कि सिर्फ दीवाली तक होटल में काम करेगा, इसके बाद गुजरात जाकर दोबारा पानी पूड़ी बेचने का धंधा करेगा। क्या पता था कि बेटे को दीवाली देखना ही नसीब न होगा। न जाने कितने बार मना किया कि होटल में काम मत करो, लेकिन नादान ने एक न सुनी और जान तक गंवा बैठा।
कपड़े साफ करने को लेकर हुआ था विवाद
सूत्रों की मानें तो मामले के पीछे हत्या और आत्महत्या दोनों के कारण सामने आ रहे हैं। जिस दिन अंशुल लापता हुआ था, उसी दिन उसका दुकान पर ही किसी से कपड़े साफ करने को लेकर विवाद हुआ था। इससे अंशुल न सिर्फ तनाव में ही था बल्कि दुखी भी था। फिलहाल पुलिस भी दोनों बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।