चोरों द्वारा तोड़ी अलमारी व बिखरा सामान दिखाता गृह स्वामी।
- फोटो : amar ujala
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया पाठकपुरा निवासी रोहित राठौर पुत्र बृज किशोर राठौर ने बस स्टैंड चौकी में तहरीर दी कि वह उरई में एक प्राइवेट विद्यालय में शिक्षक है जबकि उसके बड़े भाई बांदा जनपद में शिक्षक हैं। उसकी भाभी रागिनी राठौर अपने मायके गई हैं और वह ताला बंद कर शनिवार को विद्यालय पढ़ाने चला गया।
सूना घर देखकर चोरों ने घर के मेन गेट का ताला तोड़ कर घर के अंदर बने तीन कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद कमरों में रखी दो अलमारियों को तोड़कर उसमें रखे सोने चांदी के जेवर व नगदी सहित लाखों का सामान पार कर दिया। शाम साढ़े बजे जब वह वापस विद्यालय से घर आया तो मेन गेट व कमरों के ताले टूटे पड़े थे। अंदर जाकर देखा कि अलमारियों टूटी पड़ी थी।
अलमारी में रखा सामान चोरों ने फैला दिया था। उसने मोहल्ले वालों को इसकी जानकारी दी। पीड़ित ने बताया कि चोर एक सोने की चेन, एक जोड़ी झुमकी, दो हार, दो मंगलसूत्र, चार अंगूठी, नाक कान की बाली, सोने की कमर पेटी, दो जोड़ी पायल, तोडिय़ा, बिछिया, दो चांदी के सिक्के, तीन हजार रुपये नगद तकरीबन पांच लाख रुपये का सामान ले गए। उन्होंने इसकी सूचना भाई व भाभी को दी। इसके बाद पुलिस को तहरीर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरों का शीघ्र पता लगाने का आश्वासन दिया।