बता दें कि 2 मार्च को होली वाले दिन कालपी के मोहल्ला हरीगंज निवासी बच्चन अहिरवार (25) पुत्र रामनारायण अहिरवार का अपने छोटे भाई छिंगे अहिरवार से विवाद हो गया। कहासुनी व मारपीट के दौरान छिंगे ने धारदार रापी से बच्चन के गर्दन में प्रहार कर उसकी हत्या कर दी थी। परिजनों की तहरीर पर छिंगे के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। तबसे पुलिस छिंगे की तलाश कर रही थी। मंगलवार सुबह मुखबिर से सूचना पाकर पुलिस ने तत्काल कालपी हाईवे पर दबिश देकर छिंगे को गिरफ्तार कर लिया। वह नगर से बाहर भागने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था।
इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मोहल्ला किलेघाट स्थित खादी ग्रामोद्योग बोर्ड दफ्तर के पास से हत्या में प्रयुक्त रापी भी बरामद कर ली। पूछताछ में उसने बताया कि बच्चन शराब के नशे में धुत होकर आया और मां व बहन से अभद्रता कर रहा था। रोकने पर वह मारपीट पर आमादा हो गया। इसी दौरान धोखे से उसके गले में रापी लग गई, जिससे वह मर गया। पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।