उरई (जालौन)। दिल्ली से ट्रेन के जरिए यहां रिश्तेदारी में आई युवती को तीन युवकों ने लिफ्ट देकर कार में बैठा लिया और जंगल में ले जाकर गैंगरेप के बाद उसे वहीं छोड़कर भाग निकले। किसी तरह नदीगांव थाने पहुंची युवती ने आपबीती बताई। पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ रेप व मारपीट का मामला दर्ज कर युवती को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। दिल्ली के चांदनी चौक की 20 वर्षीय युवती बुधवार शाम 7 बजे ट्रेन से उरई रेलवे स्टेशन पर उतरी। उसे रिश्तेदारी में नदीगांव जाना था। वह शहर के काेंच बस स्टैंड पर वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी तीन युवकों ने उसे नदीगांव छोड़ने का झांसा देकर अपनी मारुति वैन में बैठा लिया। वैन चलते ही युवकों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया, फिर नदीगांव ले गए। वहां पुराने बस स्टैंड के जंगल में ले जाकर तीनों युवकों ने उससे दुष्कर्म किया और किसी से शिकायत पर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। युवती के मुताबिक आरोपियों में दो के नाम राजा सिंह व रिशी खां हैं। इनकी आपस में बातचीत से वह उनके नाम जान सकी। थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट में तीसरे युवक को अज्ञात के रूप में दर्ज किया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।