मवेशियों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर जालौन-बंगरा मार्ग पर स्थित ग्राम सुढ़ार के पास पलट गया। भूसे की तरह लादी गई गायों में दो की मौत हो गई। एक दर्जन से अधिक गायें घायल हो गईं। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि ट्रक मालिक के खिलाफ पशु क्रू रता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
मंगलवार सुबह 5 बजे करीब एक तेज रफ्तार ट्रक जालौन-बंगरा मार्ग पर जा रहा था। इसी दौरान सुढ़ार गांव के पास पीछे से आ रहे वाहन को साइड देने में ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। सुबह जब लोग टहलने निकले लोगों ने गायों से लदा ट्रक पलटा देख पुलिस को सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल ही कोतवाली प्रभारी
लालबाहदुर यादव के साथ चौकी प्रभारी मुकेश कुमार, एसआई सलमान अली समेत समूचा पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। इसके कुछ देर बाद ही सीओ कुलदीप सिंह व एसडीएम प्रेमचंद्र यादव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाया तथा घायल गायों का इलाज शुरू कराया। उधर, ट्रक के पलटते ही ट्रक चालक समेत सवार
अन्य सभी लोग मौके से भाग निकले। सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि ट्रक के नंबर से पुलिस ट्रक के मालिक का पता लगा रही है। ट्रक मालिक व ट्रक चालक के खिलाफ पशु क्रू रता
अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया जा रहा है। साथ ही दोनों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक में पटिया लगाकर दो मंजिलें बनाई गईं थीं। जिनमें 70 गायों को लादा गया था। ट्रक पलटने से दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक दर्जन से ज्यादा गायें जख्मी हो गईं।