अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। पहला हादसा शहर के गढ़र बिनौरा के पास हुआ। यहां बाइक से इलाज कराने शहर आ रहे युवक को कार ने रौंद दिया, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा हादसा जालौन रोड पर हुआ। शहर से गांव लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी। तीनों की हालत गंभीर है।
गढ़र बिनौरा निवासी वैभव पांडेय (20) पुत्र अरविंद पांडेय करीब सप्ताह भर से बीमार था। रविवार की दोपहर वह इलाज कराने के लिए शहर आ रहा था। घर से रोड पर ही पहुंचते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार वैभव को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भीड़ ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बेटे की मौत की खबर परिजनों को लगी तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, भगवंतपुरा गांव निवासी शिवम (18) साथी सत्यम (19) और अन्य युवक सत्यम (21) के साथ शनिवार को शहर स्थित रिश्तेदारी आया था। रविवार की सुबह वापस गांव लौट रहे थे। सामने से आ ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों घायल हो गए। डाक्टरों का कहना है कि तीनों की हालत गंभीर है। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया।