रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम टीहर निवासी हमीर सिंह (30) पुत्र रामचरण शुक्रवार की देर शाम अपने चचेरे भाई अरविंद (22) पुत्र कमलेश के साथ बाइक से जगम्मनपुर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। वह जब जगम्मनपुर रोड स्थित ईंट भट्टे के पास पहुंचा तो करीब 9 बजे सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछल कर दूर जा गिरे और बाइकों के परखच्चे उड़ गए। सड़क पर गिरकर हमीर, अरविंद व दूसरा बाइक सवार अखिलेश पुत्र बदलू निवासी ग्राम हमीरपुरा थाना रामपुरा लहूलुहान हो गए।
हेलमेट न लगाए होने से हमीर का सिर फट गया था और उसकी हालत बेहद नाजुक थी। इसी बीच वहां से निकल रहे राहगीरों ने जब उक्त तीनों को सड़क पर तड़पते देखा तो दौड़कर आए। उन्होंने तीनों को निजी वाहन से सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में हमीर सिंह की हालत नाजुक देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाकी दोनों का प्राथमिक उपचार कर वहीं भर्ती कर लिया। जानकारी पाकर सीएचसी पहुंचे परिजन हमीर को लेकर जिला अस्पताल आ रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर गांव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। बता दें कि अभी एक माह पूर्व 11 मई को हमीर सिंह की शादी हुई थी। उसकी मौत की खबर सुनकर उसकी पत्नी पूजा बेहोश हो गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेहंदी छूटने से पहले उजड़ा सुहाग
एक माह पूर्व 11 मई को हमीर सिंह के परिजन बड़े ही शानों शौकत से उसकी शादी कर बहू घर लेकर आए थे। हमीर की पत्नी पूजा के हाथों की अभी मेहंदी भी न छूटी थी कि इससे पहले ही पूजा का सुहाग उजड़ गया। जब उसे हादसे में हमीर की मौत की सूचना मिली तो वह बेसुध होकर फर्श पर गिर पड़ी और बेहोश हो गई। परिजन किसी तरह उसे होश में लाए, लेकिन वह गुमसुम से अपने कमरे में बैठी रही। उसकी यह हालत किसी से देखी न जा रही थी