आटा (जालौन)। समारोह के दौरान युवक के हाथ में बम फट गया। धमाके से आसपास के लोग सहम गए। समारोह में अफरातफरी मच गई। युवक भी गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे पहले नजदीक के अस्पताल भेजा गया, जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। घटना के करीब 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस मामले से अंजान बनी हुई है। थाना प्रभारी आनंद कुमार का कहना है कि उन्हें घटना की कोई सूचना नहीं है।
आटा थाना के संधी गांव में रविवार की शाम एक व्यक्ति के घर पर बच्चे की छठी का समारोह चल रहा था। उसी समय खुशी मनाते हुए गांव का ही राहुल (35) पुत्र मनोहर बमबाजी कर रहा था। अचानक एक बम राहुल के हाथ में फट गया, जिससे उसकी चीख निकल पड़ी और अगले ही पल उसका हाथ लहूलुहान देख समारोह में मौजूद महिलाएं और बच्चे चीख पड़े।
तत्काल ही गांव वाले राहुल को लेकर पहले नजदीक के अस्पताल पहुंचे लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे सीधे कानपुर ले जाने के लिए कहा। इस पर परिजन देर रात ही राहुल के साथ कानपुर रवाना हो गए। बता दें कि संधी वही गांव है जहां हाल ही में तीन लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर पांच लोगों को घायल किया था, एक की मौत भी हो गई थी।
ऐसे संवेदनशील गांव के प्रति थाना पुलिस कितनी संवेदनशील है, इसका पता इसी से चलता है, जब थानेदार कहते हैं कि उन्हें बमबाजी की घटना की जानकारी नहीं है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी का कहना है कि वे थाना पुलिस को मौके पर भेजेंगे।