जालौन। तीन माह पूर्व ऐतिहासिक मुरली मनोहर तालाब पर नगर पालिका की ओर से 9 लाख रुपये की लागत से बनवाए गए सामुदायिक शौचालय का छज्जा ढहने से युवक का पैर टूट गया। शौचालय में तैनात कर्मी भी चुटहिल हो गया दोनों को आनन फानन में सीएचसी ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
नगर के मोहल्ला मुरली मनोहर स्थित ऐतिहासिक पक्का तालाब पर नगर पालिका की ओर से 9 लाख की लागत से तीन माह पहले सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया था। जिसका सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने लोकार्पण किया था। गुरुवार को शौचालय की छत से बाहर निकला छज्जा अचानक भरभरा कर ढह गया। जिसमें मोहल्ला चिमनदुबे निवासी आसिफ उर्फ आसू सिद्दीकी पुत्र सईद सिद्दीकी जो पास में ही चूड़ी के दुकान किए है।
सामुदायिक शौचालय में लघुशंका के लिए गया था। जो छज्जा की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि कर्मचारी डब्बू को भी चोटें आई हैं। आनन फानन में लोग घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद आंसू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
मोहल्ले के मुईन, मुलू, छेदीलाल, रामू, राजू, अशफाक राईन, इमरान, रिजवान, अनवार अहमद आदि ने आरोप लगाया कि यह हादसा शौचालय के निर्माण में मानकों की अनदेखी का नतीजा है। हादसे को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता का कहना है कि छज्जा गिरने के मामले की जांच कराई जाएगी। मानक विहीन हुए निर्माण में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।