एट (जालौन)। चचेरी बहन की शादी में शामिल होकर अकेले घर लौटे युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। चचेरी ननद की शादी होने के कारण पत्नी ने विदा होने के बाद घर आने को कहा था, जिससे गुस्सा होकर वह अकेले घर आ गया था। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कारणों की जांच कर रही है।
एट थाना क्षेत्र के वर्ध निवासी नीत कुमार (40) पुत्र शिवराम मिश्रा ने शनिवार रात घर के कमरे में लगे पंखे के हुक से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सुबह पड़ोसी युवक की बाइक घर के बाहर खड़ी देख जब अंदर गए तो उसका शव फांसी पर लटकता देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव फांसी से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक शुक्रवार को अपनी चचेरी बहन की ससुराल मोंठ जिला झांसी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पत्नी किरन के साथ गया था।
शादी संपन्न हो जाने के बाद उसने पत्नी से घर चलने को कहा तो पत्नी ने दूसरे दिन चलने की बात कही। इसी बात पर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई और वह पत्नी को वहीं छोड़कर बिना कुछ बताए शनिवार रात घर आ गया और बाइक घर के बाहर खड़ी कर घर के अंदर गया और कमरे में हुक से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद्र त्रिपाठी का कहना है कि युवक के फांसी किन कारणों से लगाई है इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। नीत कुमार मिश्रा की शादी माड़री निवासी किरन से हुई थी लेकिन शादी के बीस साल बीतने बाद भी आज तक कोई भी संतान नहीं हुई। पति-पत्नी परिजनों से अलग रहते थे।