उरई। दूसरी महिला से अवैध संबंध के चलते पति ने पत्नी की सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। हत्या के बाद फरार हुए पति को कोंच कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त की गई गड़ासी बरामद कर ली। एसपी ने इस कांड का बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में खुलासा किया।
एसपी अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि 26 दिसंबर की रात कोंच कोतवाली क्षेत्र के कुदरा खुर्द गांव में घर में सो रही महिला प्रेमवती उर्फ बाली (50) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। दंपति के दोनों शादीशुदा पुत्र घर से बाहर रहते थे। घर पर अकेले पति पत्नी ही थे। महिला की हत्या के बाद पति ठाकुरदास फरार हो गया। इससे उसी पर हत्या की आशंका जताई जा रही थी। 29 दिसंबर को मृतका के पुत्र पवन सिंह ने पिता ठाकुरदास के खिलाफ मां की हत्या कर देने की तहरीर दी थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। कोंच कोतवाली प्रभारी संजय कुमार गुप्ता को मुखबिर से 1 जनवरी को सूचना मिली की कुदरा खुर्द में हुई महिला की हत्या का आरोपी पति ठाकुरदास महेशपुरा रोड पर स्थित देसी शराब ठेका के पास बैठा हुआ है। पुलिस टीम ने मुखबिर के साथ पहुंचकर ठाकुरदास को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त गड़ासी भी बरामद कर ली।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में हत्या की घटना का खुलासा करते हुए एसपी अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि ठाकुरदास ने पूछताछ में बताया कि उसका कस्बा कोंच की एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी पत्नी प्रेमवती को हो गई थी। प्रेम प्रसंग को लेकर पत्नी लड़ती झगड़ती थी। 26 दिसंबर को भी वह मुझसे लड़ने लगी। इससे अपमानित होकर रात 12 बजे चारपाई पर सो रही पत्नी पर गड़ासी से कई प्रहार कर हत्या कर दी। इसके बाद घर से भाग गया था। हत्यारोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक कोंच संजय कुमार गुप्ता, कांस्टेबल अजीत सिंह, सत्येंद्र कुमार, प्रताप सिह आदि मौजूद रहे।
दूसरी महिला से संबंध के चलते पति ने की थी हत्या
पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर किया खुलासा, 26 दिसंबर को कोंच कोतवाली के कुदरा खुर्द में हुई थी महिला की हत्या