जालौन। तीन दिन पूर्व घर से भागे प्रेमी जोड़े को कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद थाने पहुंचे लड़का लड़की के परिजनों की सहमति के बाद पुलिस ने दोनों की कोतवाली परिसर में ही एक दूसरे के गले में वरमाला पहनवाकर शादी करवा दी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुढ़ार निवासी सोनू पुत्र रामकुमार श्रीवास के सालाबाद गांव की युवती कुसमा पुत्री कृष्णा बरार के साथ प्रेम संबंध हो गए थे। दोनों की अलग अलग जातियां होने के चलते उनके परिवार वाले उनकी शादी के लिए राजी नहीं थे, जिसके चलते बीती 1 फरवरी को प्रेमी युगल अपने घर से भाग गए। परिजनों ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दें दी थी। पुलिस टीम ने एक रिश्तेदार के यहां से दोनों को बरामद कर कोतवाली ले आई। दोनों के कोतवाली आते ही दोनों पक्षों के लोग कोतवाली में जुट गए। जहां प्रेमी युगल उनकी शादी कराने की बात पर अड़े रहे। दोनों के प्रेम संबंध देखकर दोनों गांवों के प्रधान कुंवर सिंह सुढ़ार व लाली तोमर प्रधान प्रतिनिधि सालाबाद ने आखिरकार दोनों के परिजनों के साथ बातचीत कर दोनों पक्षों को प्रेमियों की शादी के लिए राजी कर लिया। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को दोनों की शादी कराने की सहमति दे दी। कोतवाली में ही पुलिस के सामने दोनों ने एक दूसरे के गले में वरमाला पहनाकर शादी के बंधन में बंध गए। वहीं, प्रेमी सोनू ने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा। इस विवाह की सभी ने सराहना की। वहीं, कोतवाल देवेंद्र सिंह, एसआई सफीक अहमद, सतीशचंद्र, उमेश सिंह हेड मुहर्रिर ललित चतुर्वेदी सहित दोनों गांव के वीरू तोमर, दीपक नगाइच, आंसू, सोनू पाल, सुरेश परिहार, राकेश परिहार सहित लगभग आधा सैंकड़ा लोगों ने नव विवाहित दंपत्ति को आशीर्वाद देकर उनके सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाऐं दीं।
घर से भागे प्रेमी युगल की पुलिस ने कराई शादी
-तीन दिन पूर्व घर से गए थे प्रेमी प्रेमिका