माधौगढ़/बंगरा। किसान का शव खेत में बबूल के पेड़ से लटकता मिला। ग्रामीणों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौकी प्रभारी ब्रजेश यादव ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है, परिजनों के मुताबिक वह मानसिक रुप से बीमार और उस पर बैंक का भी कर्ज था। फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है।
माधौगढ़ थाना क्षेत्र बंगरा निवासी जगदीश राठौर (65) पुत्र रामचरन का शव सोमवार की सुबह खेत पर लगे बबूल के पेड़ से लटकता मिला। खेत पर गए किसानों ने पेड़ पर शव लटकता देख इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी। पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी पुष्पादेवी व पुत्र राघवेंद्र ने बताया कि जगदीश मानसिक रुप से बीमार थे।
उनका कई वर्षों से इलाज भी चल रहा था। हो सकता है कि इसी के चलते उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली हो। बताया, इसके अलावा छह बीघा जमीन है और उस पर इलाहाबाद बैंक बंगरा का एक लाख रुपये का कर्ज था। पत्नी और पुत्र का रो रोकर बुरा हाल है।