कदौरा। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने नवविवाहिता के ससुराल में पति के मोबाइल पर अश्लील मैसेज व वीडियो पोस्ट कर दिए। जिससे नवविवाहिता के पति ने अपने घर वालों को जानकारी देते हुए नवविवाहिता को मायके से ससुराल ले जाने से मना कर दिया। जब इस बात की जानकारी नवविवाहिता के माता-पिता को हुई तो उन्होंने उक्त मैसेज व वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की शिकायत पुलिस से की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने युवक को पकड़ कर थाने ले आई और नवविवाहिता व उसके ससुराल पक्ष को भी बुलाया। पुलिस ने पति के मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया। नवविवाहिता की शादी विगत 24 मई 2021 को हुई थी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में है जांच की जा रही है, कार्रवाई की जाएगी। आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है। (संवाद)