आटा (जालौन)। घर में घुसे बदमाशों से घर में मौजूद अकेली महिला भिड़ गई। बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर चाकू मार दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गई। बदमाश जेवर-नगदी लेकर भागने लगे। महिला की चीख सुन कर ग्रामीणों ने पीछा कर दो बदमाशों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद सहित पांच लोगों पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आटा थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव निवासी परमेश्वरी दयाल की पत्नी प्रेमवती शनिवार की रात घर पर अकेली थी। तभी देर रात शौचालय के रास्ते से घर में घुसे दो बदमाशों ने उससे तमंचे की बट से पीटा और फिर एक बदमाश ने हाथ में चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद लुटेरे मंगलसूत्र, बक्से में रखे पांच हजार रुपये व झुमकी लेकर भागने लगे।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े और खेतों के रास्ते भाग रहे दो बदमाशों को अकबरपुर इटौरा गांव के पास से पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। बदमाशों ने अपने नाम डकोर निवासी देवेंद्र और दीपक बताए।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि गांव के रिश्तेदार राम खिलावन ने उन्हें चोरी के इरादे से बुलाया था। पुलिस ने महिला के घर के पास से बाइक और जूते भी बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष नरेंद्र गौतम का कहना है कि एक नामजद सहित चार अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर सभी की तलाश की जा रही है।