कालपी।
मोहल्ला मनीगंज में एक धार्मिक स्थल के पिछले हिस्से में काफी भूमि खाली पड़ी है। एक पक्ष का आरोप है कि इसी भूमि पर कब्जा करने के लिए दरवाजा लगाया जा रहा था। उधर, दूसरे समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि धार्मिक स्थल के पिछले हिस्से में लगा दरवाजा कुछ लोगों ने उखाड़ दिया है। घटनास्थल पर विवाद के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्ष को कोतवाली बुलाया। कोतवाली में ही दोनों पक्ष में पुलिस के सामने तनातनी हो गई। इस पर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने दोनों पक्ष के पांच लोगों को कोतवाली में बैठा लिया। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने धार्मिक स्थल पर पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया व मामले की तह पर पहुंचने को लेकर जांच पड़ताल की। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है। दोनों पक्षों ने विवादित मामले में एसडीएम के निर्णय न होने तक कोई निर्माण कार्य नहीं करेंगे।