उरई। उद्योग बंधु की बैठक में पहुंचे उद्यमी बैंकों के रवैये और बिजली की समस्याओं को लेकर मुखर दिखे। पिछली बैठकों में उठाए गए मुद्दों के निस्तारण न होने पर भी उद्यमियों ने बैठक में अपनी बात रखी। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र में अलग से बिजली फीडर करने और ऋण आवेदन जल्द निपटाने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने उद्यमियों की मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया।
मंगलवार शाम को कलेक्ट्रेट कार्यालय में हुई बैठक में कोंच उद्योग ऑनर्स वेलफेयर सोसायटी अध्यक्ष अनिल पटेल ने बताया कि उन्होंने 15 करोड़ रुपये निवेश करने का एक प्रस्ताव दिया है। उस पर बैंक के अधिकारी कई तरह के रोड़े अटकाकर उन्हें छह महीने से परेशान कर रहे हैं। उन्होंने बैठक में कोंच का बिजली का इंडस्ट्रीयल फीडर अलग करने की मांग उठाई।
हस्त निर्मित कागज एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी ने ओडीओपी, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री योजना के तहत ऋण आवेदनों पर बैंकों के रवैये पर सवाल उठाए। उर्वशी इंडस्ट्री के प्रबंध निदेशक मनीष गुप्ता ने हड्डी फीडर अलग करने की मांह उठाई। उन्होंने बिजली व्यवस्था के लिए 55 लाख रुपये मंजूर करने पर प्रशासन का आभार जताया।
बैठक में उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना में 49 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 51 का लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। ओडीओपी योजना में 20 के सापेक्ष 30 आवेदन आए हैं। डीएम ने लंबित प्रकरणों पर समय से निस्तारित करने के निर्देश दिए।
कोंच औद्यौगिक एरिया में फीडर से बिजली कनेक्शन कराने के लिए अधिशासी अभियंता को कोंच में ही कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान सीडीओ डॉ अभय कुमार श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त उद्योग योगेश कामेश्वर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, अधीक्षण अभियंता बिजली, लीड बैंक मैनेजर मौजूद रहे।