कुठौंद। जिला पूर्ति विभाग की लापरवाही के कारण जून का राशन 12 कोटेदारों तक नहीं पहुंचा। इसके कारण गरीब राशन कार्ड धारक कोटेदारों के यहां चक्कर लगा रहे हैं।
कुठौंद ब्लॉक में 67 कोटेदार हैं। इनमें 12 कोटे से संबद्ध 16,538 लोगों को राशन नहीं मिला है। पूर्ति विभाग एफसीआई और वितरण विभाग पर ठीकरा फोड़ रहा है। वहीं वितरण से जुड़े अफसर पूर्ति विभाग की उठान की जिम्मेदारी होने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं। कोटेदारों का कहना है कि राशन न आने की वजह से कार्डधारक झगड़ा करते हैं। पूर्ति अधिकारी जालौन मनोज तिवारी ने बताया केंद्र सरकार से मिलने वाले राशन का वितरण नहीं हो पाया है। राज्य सरकार ने समय बढ़ाने का अनुरोध किया था। 12 कोटेदारों का राशन लैप्स हो गया है।
कुठौंद प्रथम, कुठौंद द्वितीय, पिपरी गहरवार प्रथम, पिपरी गहरवार द्वितीय, सलेमपुर कालपी, रोमई मुस्तकिल, बघावली मुस्तकिल, धर्मपुरा बरेला, नाहिली, हरसिंहपुर, नौरेजपुर, नैनापुर आदि गांवों में राशन नहीं पहुंचा है।
कोटरा क्षेत्र के सैदनगर निवासी कार्ड धारक रामकुमारी, विनीता, शीला देवी, शांति देवी ने बताया कि दो माह से कोटेदार जाहिद मंसूरी, राजेंद्र नामदेव कार्डधारकों को गेहूं और चावल का वितरण नहीं कर रहे हैं। कोटेदारों का कहना है कि राशन नहीं आया है। राशन न मिलने से परेशान मातापुरा के कार्ड धारकों ने कोटेदारों के यहां नारेबाजी की। जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, जांच की जाएगी। (संवाद)