उरई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कोंच रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में गुरुवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांशीराम कॉलोनी का उद्घाटन किया गया।
यह शहर का चौथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र होगा। इसके पहले इंदिरानगर, उमरारखेड़ा, लहरियापुरवा में संचालित हो रहे थे।
एडीएम वित्त एवं राजस्व संजय कुमार व सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा ने संयुक्त रुप से फीता काटकर नए अस्पताल का शुभारंभ किया। एडीएम ने कहा कि नए स्वास्थ्य केंद्र खुलने से लोगों को लाभ मिलेगा। सबसे ज्यादा लाभ कांशीराम कॉलोनी के बाशिंदों को होगा। सीएमओ ने कहा कि इस अस्पताल में चिकित्सक, फार्मासिस्ट, एलटी, स्टाफ नर्स, एएनएम और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है। इस अस्पताल में जांच से लेकर प्रसव और टीकाकरण तक की सभी सुविधाएं मिलेगी।
परिवार कल्याण सेवाओं का भी लाभ मिलेगा। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। शुभारंभ के पहले दिन 144 मरीज देखे गए। इस दौरान एसीएमओ डॉ. एसडी चौधरी, डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. अरविंद भूषण, शहरी स्वास्थ्य कोआर्डिनेटर संजीव चंदेरिया, डीसीपीएम डॉ. धर्मेँद्र, जनपदीय परामर्शदाता क्वालिटी एश्योरेंस डॉ अरुण कुमार राजपूत, डब्लूएचओ की एसएमओ डॉ, अन्विता मिश्रा, नगरीय स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सागर कपूर, डॉ, अभिलाष, विनय द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
कांशीराम कॉलोनी में नया सरकारी अस्पताल खुलने से कॉलोनी की करीब 10 हजार आबादी के अलावा मैकेनिक नगर, पाठकपुरा, आशिंक उमरारखेड़ा, आशिंक पटेलनगर, आशिंक सुशीलनगर मोहल्ले की कुल मिलाकर करीब 55 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। शहर में अभी राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल व नगरीय पीएचसी उमरारखेरा, तुफैलपुरवा, लहारिया पुरवा में सरकारी अस्पताल संचालित हो रहे हैं। यह चौथा नगरीय और आठवां अस्पताल है।
पुष्पा ने बताया कि नया अस्पताल खुलने से प्रसव से लेकर टीकाकरण तक की सभी सुविधाएं मिलेगी। इससे अब जिला महिला अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे आने-जाने के झंझट से मुक्ति मिलेगी।
राज आलम ने बताया कि यहां से जिला अस्पताल करीब चार किलोमीटर पड़ता है। कॉलोनी में अस्पताल खुलने से अब इतनी दूर जाने की जरूरत नहीं होगी। खांसी, बुखार, जांच जैसी सेवाएंं यही मिलने से राहत मिलेगी।