रामपुरा (जालौन)। बीहड़ के गांव मई निवासी हर्ष बहादुर उर्फ छोटू पहलवान ने प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने मेरठ जोन के मोहित जाट को हराया है। छोटू का चयन राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता के लिए किया गया है। छोटू पहली बार मैट पर कुश्ती लड़े। उनके पास जूते भी नहीं थे, इसके बावजूद जीत हासिल की है।
नोएडा में 14 मार्च को हुई प्रदेश स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता में रामपुरा ब्लॉक के ग्राम मई के निवासी हर्ष बहादुर उर्फ छोटू पहलवान ने 70 किलोग्राम वजन में पांचवीं कुश्ती में अपने प्रतिद्वंद्वी मेरठ जोन के अंतरराष्ट्रीय पहलवान मोहित जाट को हराकर गोल्ड मेडल जीता। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती के लिए अपना स्थान पक्का किया। छोटू पहलवान पूर्व में भी कई प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में जीत हासिल कर चुके हैं। घर पर सुबह से ही लोगों की बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। घर में उत्सव का माहौल है।