उरई। झांसी-कानपुर रेलखंड के सरसोकी आटा सेक्शन में छपरा मेल का इंजन फेल हो गया। चालक ने बीच रास्ते में इंजन फेल होने पर आटा स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी। उन्होंने कंट्रोल रूम को अवगत कराया तो मालगाड़ी का इंजन काटकर छपरा मेल में जोड़ा गया, तब ट्रेन गंतव्य की ओर रवाना हुई। इसके चलते झांसी-कानपुर पैसेंजर को भी डेढ़ घंटे सरसोकी स्टेशन पर रोका गया।
रविवार दोपहर 12.10 बजे ग्वालियर से बरौनी जाने वाली क्लोन छपरा मेल नंबर 04237 के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते ट्रेन सरसोकी आटा रेलखंड में बीच में खड़ी हो गई। चालक ने इसकी जानकारी आटा स्टेशन अधीक्षक राजीव कौशिक को दी। उन्होंने झांसी कंट्रोल रूम को अवगत कराया। इसी बीच आलमनगर की ओर जाने वाली मालगाड़ी भी उरई स्टेशन पर आ गई।
आटा स्टेशन अधीक्षक ने उरई स्टेशन एसके खरे को भी मामले से अवगत कराया। कंट्रोल की सूचना पर उरई स्टेशन अधीक्षक ने मालगाड़ी का इंजन काटकर 12.50 बजे आटा भेजा। इसके बाद मालगाड़ी का इंजन छपरा मेल में जोड़ा गया। इसके चलते छपरा मेल 12.10 बजे से 1.40 बजे तक करीब डेढ़ घंटे खड़ी रही।
इसके साथ ही बीच ट्रैक पर छपरा मेल के खड़े होने के कारण उसके पीछे आ रही झांसी कानपुर पैसेंजर नंबर 01813 को भी भी सरसोकी स्टेशन पर डेढ़ घंटा रोका गया। इसके चलते छपरा मेल और पैसेंजर के यात्रियों को इस भीषण गर्मी में परेशानी हुई। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी। मालगाड़ी का इंजन लगाकर ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।