कोंच। कस्बे के लाजपत नगर में स्थित सब्जी मंडी में मंगलवार को व्यापारी पर चाकू से हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। मामले में एसपी रवि कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मंगलवार दोपहर में युवा व्यापारी सागर लोहिया पर चाकू से हमला किया गया था। हमला बुढ़वा मंगल पर प्रसाद बांटने को लेकर हुई कहासुनी के बाद किया गया था। आरोपी पटेल नगर निवासी अब्बास के खिलाफ घायल व्यापारी की मां रेखा लोहिया ने तहरीर दी थी। घटना के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया था और नारेबाजी की थी।
मंगलवार देर रात एसपी रवि कुमार ने कोंच आकर घटनास्थल का मुआयना किया था। एसपी ने कहा कि बाजार सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस पिकेट लगाएं। खुफिया तंत्र को और मजबूत करें। निरीक्षण के दौरान एसपी ने वहां मौजूद लोगों से घटना के बाबत जानकारी ली। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस दौरान सीओ शैलेंद्र वाजपेयी, कोतवाल, बलिराज शाही आदि मौजूद रहे।