ऊमरी (जालौन)। थाना क्षेत्र के फतेपुरा व सोनपुरा के बीच गोहन की ओर जा रही तेज रफ्तार इनोवा कार का पीछे का टायर फट गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। जिससे कार में सवार नौ लोग घायल हो गए। राहगीरों ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। जहां पांच की गंभीर हालत होने पर उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
इटावा जिले के हनमंतपुरा चौराहा निवासी अफरोज खान (35) शुक्रवार को अपने परिजनों के साथ गोहन में रिश्तेदार के यहां किसी की मौत होने पर कार से जा रहे थे। जैसे ही कार फतेपुरा व सोनपुरा के बीच पहुंची तभी कार का पीछे का टायर फट गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। हादसे से चीख-पुकार मच गई।
हादसे में कार सवार भूरे खान (30), नोशद खान (32), साबिर खान (30), सफी खान (34), राजेश (35), अलाउद्दीन (40), सिराज खान (30), पप्पू (38) व कार चालक अफरोज खान (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से खलबली मच गई। खेतों पर मवेशी चरा रहे चरवाहों ने सभी को घायलों को सीएचसी एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जहां कार चालक अफरोज खान, नोशद खान, साबिर खान, राजेश व सिराज खान की गंभीर हालत होने पर उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।