जालौन। तेज रफ्तार कार ने कुकरगांव के पास खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का मेडिकल कॉलेज उरई में इलाज चल रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुसमरा निवासी दिलावर खां (30) पुत्र मोहम्मद शाकिर अपने साथी आकाश निवासी कुसमरा, नफीस खान उर्फ काजू निवासी मोहल्ला रापटगंज, सतीश कुमार रामपुरा के साथ सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे कार से उरई की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार कुकरगांव के पास पहुंची तो घने कोहरे में कार चालक दिलावर आगे खड़े ट्रक को नहीं देख सका और उनकी कार पीछे से ट्रक में जा टकराई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में सतीश कुमार को मामूली चोटें आईं। मौके से निकल रहे राहगीरों ने हादसे की सूचना डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां दिलावर खान की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। जबकि नफीस व आकाश का वहीं इलाज चल रहा है।
उधर, झांसी ले जाते समय रास्ते में ही दिलावर की मौत हो गई। गांव के लोगों ने बताया कि दिलावर पांच बहनों में इकलौता भाई था। सभी बहनों की शादी हो चुकी है। दिलावर के पिता व मां दोनों महाराष्ट्र में रहकर काम करते हैं। पुत्र की मौत की सूचना उनके पिता को दे दी गई है।