उरई/एट। सड़क पर रफ्तार एक सवारी के लिए काल बन गई।
एट थाना क्षेत्र में कानपुर-झांसी हाईवे पर तेज गति से आ रही कार ने पहले ट्रक को पीछे से टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर खंदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में सवारी की मौत हो गई और चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
फतेहपुर के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बिजुरी गोपालपुर करनपुर गांव के रहने वाले गौरव (26) अपने परिवार के रामशंकर (60) के साथ कार से कानपुर-झांसी हाईवे से दवा लेने झांसी जा रहे थे। रास्ते में कानपुर देहात के भोगनीपुर सिथरा रामपुर के मजरा निवासी विक्रस सिंह (50) ने हाथ देकर उनकी कार रुकवाई। एट के अकोढ़ी तक छोड़ने को कहा।
चालक के अनुसार काफी गुजारिश करने पर उन्होंने उसे बैठा लिया। पुलिस के अनुसार उनकी गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी। इसी वजह से पहले ट्रक से टकराई और फिर डिवाइडर से टकराते हुए खंती में जा गिरी। हादसे में सवारी विक्रम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक समेत दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक के परिजनों को सूचित करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिजनों के अनुसार विक्रम जैकेट बेचने का काम करता था। वह मध्य प्रदेश के पलेरा में जैकेट बेचने जाता था। एक रिश्तेदारी में अकोढ़ी जा रहा था। अधेड़ की मौत से परिवार के लोगों में कोहराम है। एसओ संजय गुप्ता ने बताया कि ट्रक का पता लगाया जा रहा है। उसका नंबर पता चल गया है। हालांकि ट्रक की गलती नहीं लग रही है। गाड़ी काफी तेज थी और इसी वजह से हादसा हुआ है।