रामपुरा। विकास खंड क्षेत्र के अंतर्गत टीहर पुल व महूटा पुल के बीच से बहने वाली नहर सोमवार को महूटा पुल के पास ओवरफ्लो हो गई। नहर का पानी तेजी से खेतों में भर जाने से सैकड़ों बीघा से खड़ी फसल जलमग्न हो गई।
सोमवार को टीहर पुल के पास नहर की पटरी की रैंप से नहर के पानी के ओवरफ्लो होने से मिट्टी के कटाव होने से नहर का पानी आसपास के खेतों में तेजी से दौड़ गया। जिससे आसपास के खेत जलमग्न हो गए। नहर के पानी का प्रवाह तेज होने के कारण देखते ही देखते रामपुरा मौजे की सैकड़ों बीघा खेतों की फसल में पानी भर गया।
किसान रामबाबू, रूपराम, मनसुख, नवाब सिंह, भगवानदीन, उमाशंकर, रामनारायण, भगवती, रणवीर आदि की फसलें बर्बाद होने की कगार पर हैं। नहर के पानी से लगभग एक सैकड़ा से अधिक खेतों में खड़ी गेहूं, सरसो, बेझर, मटर आदि रबी की फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने नहर विभाग को सूचना दी।
नहर विभाग के जेई भारत सिंह ने बताया कि नहर में अधिक पानी आने के कारण ये समस्या सामने आई है। फिलहाल नहर की पटरी को सही कराकर पानी रोक दिया गया हैं। उच्चाधिकारियों से कहकर नहर के पानी को भी कम कराया जा रहा हैं। मार्च माह के अंत से नहर की सफाई का कार्य भी कराया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न आए।