उरई। डीएम चांदनी सिंह ने उद्यमियों की शिकायत पर सोमवार को फैक्टरी एरिया का औचक निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की जन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
डीएम से कुछ दिन पहले उरई स्थित फैक्टरी एरिया के उद्यमियों ने समय पर बिजली न मिलने से उत्पाद में कमी की शिकायत की थी। सड़क निर्माण न होने से आवागमन में बाधा बताई थी।
इस शिकायत पर डीएम ने उद्योग केंद्र के उपायुक्त प्रभात यादव, उप महाप्रबंधक नीरज खरे, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा मयंक मंगल, सहायक आयुक्त उद्योग योगेश कामेश्वर के साथ मिलकर फैक्टरी एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने इंडस्ट्रियल एरिया में सड़क मार्ग, लाइटिंग की व्यवस्था जल्द से जल्द पूरी कराने के निर्देश दिया।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति में कमी न करने को कहा। सहायक आयुक्त उद्योग योगेश कमेश्वर को निर्देश दिया कि फैक्टरी एरिया में सड़क, विद्युत आपूर्ति आदि समस्याओं को जल्द दुरुस्त कराने को कहा। फैक्टरी एरिया में जेई की तैनाती के निर्देश दिए। समय से पेड़ों की छंटाई को कहा, जिससे शॉर्ट सर्किट न हो। इस दौरान मनीष गुप्ता, उर्वशी, आलोक कुमार आदि मौजूद रहे।